रिटायर्ड फौजी की लगभग सौ बीघा जमीन पर पूर्व प्रधान ने कर रखा है कब्जा।

जनपद फतेहपुर
पूर्व प्रधान को सत्ता का संरक्षण प्राप्त होने से रिटायर्ड फौजी की नही हो रही सुनवाई
फतेहपुर। जनपद की एक ऐसी दास्तान जिससे सुनते ही आप दांतों तले उंगली दबा लेंगे। न्याय पाने को एक ऐसा रिटायर्ड फौजी दर-दर भटक रहा है जिसकी तीन पीढ़ियां देश की सेवा कर रही हैं। वहीं रिटायर्ड फौजी ने जनपद के एक वरिष्ठ सत्तासीन नेता पर आरोप लगाते हुए बताया कि सत्ता के संरक्षण में पूर्व प्रधान लहंगी ने रिटायर्ड फौजी के परिवार की लगभग सौ बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। पीड़ित न्याय की आस लगाए जगह जगह भटकने को मजबूर हैं। पीड़ित रिटायर्ड फौजी ने समाधान दिवस समेत मुख्यालय में अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। इसके बावजूद कार्रवाई शून्य रही। पीड़ित रिटायर्ड फौजी ने एक बार फिर डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर जमीन को कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई है। डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में पूर्व फौजी लाल सिंह, धनंजय सिंह व रमेश सिंह निवासी ग्राम सुल्तानपुर परगना कोटिया गुनीर तहसील बिंदकी ने बताया कि गांव स्थित गाटा संख्या 139ख, 198ख, 206, 230, 231, 134क, 137ख, 138, 139ग समेत अन्य गाटों की लगभग सौ बीघा भूमि पर पूर्व प्रधान लहंगी रामा पासवान ने अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि दबंग पूर्व प्रधान को सत्ता पक्ष का संरक्षण प्राप्त है। भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत उन्होने समाधान दिवस के साथ-साथ आने कार्यालय में दर्ज कराई थी। बटालियन की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भी आया। इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे दबंग पूर्व प्रधान के हौसले और बुलंद हैं। वह अब लगातार उनके परिवार को एसी-एसटी व पास्को के झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकियां दे रही है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि विपक्षी रामा देवी की लगभग दो बीघा केवल भूमि है। इसके बावजूद वह पूरी भूमि पर कब्जा जमाए हुए हैं। पूर्व फौजी परिवार ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए जमीन को पूर्व प्रधान के कब्जे से मुक्त कराए जाने व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।







