*मल्लावां हरदोई*
*मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण*

हरदोई, 23 अप्रैल 2026। जनपद में 29 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बिलग्राम तहसील के मल्लावां कट गंगा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हेलीपैड, सभा स्थल, वीआईपी मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जाए। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पंडाल की गुणवत्ता, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने वैकल्पिक मार्गों के निर्धारण, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने हेलीपैड और वीआईपी मूवमेंट से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, एम्बुलेंस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को मानचित्र के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी कर ली जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ‘हरि शंकरी’ प्रजाति के वृक्षारोपण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करते हुए इसे सफल और गरिमामय बनाएं।







