लोकेशन कौशाम्बी
कौशांबी में दर्दनाक हादसा: मिट्टी का ढेर ढहने से 3 की मौत, 2 घायल

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। मंझनपुर थाना क्षेत्र के चक थांवा गांव में लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोदते समय बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बता दें _रविवार सुबह चक थांवा गांव में कुछ लोग घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोद रहे थे। तभी अचानक मिट्टी का बड़ा ढेर भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मंझनपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण और जिलाधिकारी अमित पाल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मिट्टी खोदने में लापरवाही बनी जानलेवा… कौशांबी में एक साथ तीन घरों में मातम।






