लोकेशन–कासगंज(यूपी)
हजारा नहर में स्नान के दौरान हादसा, तीन सगे भाई सहित चार ढूबे, तीन लापता, एक को सकुशल निकाला बाहर।

उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। झाल के पुल हजारा नहर में स्नान करने गए चार युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें से एक युवक को पीएसी के गोताखोरों ने सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि तीन सगे भाई लापता हो गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और पीएसी की टीम मौके पर पहुंच गई और देर शाम तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना कासगंज जिले के हजारा नहर झाल के पुल की है, जहां हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव टिकरी कला निवासी चार युवक स्नान करने पहुंचे थे। नहर में उतरते ही वे गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और 24 वर्षीय सुमित पुत्र रामसिंह को सकुशल बाहर निकाल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, 27 वर्षीय जयप्रकाश, 24 वर्षीय अजय और 22 वर्षीय हरेंद्र उर्फ छोटू, पुत्र स्वर्गीय डालचंद्र निवासी टिकरी कला, थाना सिकंदराराऊ, हाथरस, नहर में लापता हो गए। पीएसी के गोताखोर लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लापता युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने बेटों की सलामती की आस में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेसुध मां बार बार नहर की ओर भाग रही है, तो वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।
“मेरे बच्चों को किसी तरह ढूंढकर निकाल दीजिए। सुबह घर से घूमने निकले थे, हमें क्या पता था कि ऐसा हादसा हो जाएगा, अब कभी भी घर वापस नहीं होंगे।
“चारों लड़के नहर पर नहाने आए थे। अचानक पानी के तेज बहाव में बह गए। प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द बच्चों की तलाश की जाए।”
“सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची। एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। तीन युवकों की तलाश लगातार की जा रही है और रेस्क्यू अभियान जारी है। डेढ सेक्शन पीएसी के गोताखोर तलाश कर रहे हैं।
फिलहाल पीएसी और प्रशासन की टीमें नहर में लापता तीनों युवकों की तलाश में जुटी हैं। हर गुजरते पल के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है और सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।







