*जनगणना-2027 के लिए 28 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू*

*कौशाम्बी।* भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए प्रथम बैच में चयनित 28 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट के ऑडिटोरियम में शुरू हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक,आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय विकास की योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। गणना के दौरान एकत्र सूचनाओं की शुद्धता और विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से निर्धारित प्रक्रियाओं, प्रपत्रों और तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझने तथा प्रशिक्षण के बाद गणनाकारों व संबंधित कार्मिकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित करने का आह्वान किया। मास्टर ट्रेनर देवेश सिंह यादव और संदीप कुमार तिवारी ने जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली,आवश्यक सावधानियों और कार्मिकों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड स्तर पर जनगणना कार्य में एकरूपता, पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट/नोडल अधिकारी प्रशिक्षण अरुण कुमार, जिला प्रभारी जनगणना राजकुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी रविंद्र कुमार जायसवाल और जनगणना लिपिक सुनील कुमार मौजूद रहे।







