फतेहपुर उत्तर प्रदेश
2027 के चुनाव में फतेहपुर से ब्राह्मण समाज को प्रतिनिधित्व दे भाजपा: प्रवीण पाण्डेय
भाजपा नेतृत्व को पत्र भेजकर छह विधानसभा सीटों में से कम से कम एक सीट पर ब्राह्मण प्रत्याशी उतारने की मांग

फतेहपुर, 13 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश सह-संयोजक, संवाद सेल प्रवीण पाण्डेय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, कानपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर जिलाध्यक्ष को पत्र भेजकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनपद के ब्राह्मण समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की है।
पत्र में प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में फतेहपुर की छह विधानसभा सीटों में से किसी भी सीट पर भाजपा ने ब्राह्मण समाज के प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया। लगातार दो चुनावों में प्रतिनिधित्व का अवसर नहीं मिलना विचारणीय विषय है।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में फतेहपुर की छह सीटों में से कम से कम एक सीट पर योग्य, कर्मठ एवं जनस्वीकार्य ब्राह्मण प्रत्याशी को अवसर देने पर गंभीरता से विचार किया जाए।
पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी अन्य समाज के अधिकारों के विरुद्ध नहीं, बल्कि सामाजिक भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में संतुलन स्थापित करने की अपेक्षा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व सामाजिक समरसता और सबका साथ, सबका विकास की भावना के अनुरूप प्रत्याशी चयन में फतेहपुर के ब्राह्मण समाज की अपेक्षाओं पर ठोस पहल करे।
अब निगाहें 2027 के टिकट वितरण पर
फतेहपुर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने के बीच इस मांग ने प्रत्याशी चयन में सामाजिक प्रतिनिधित्व के सवाल को फिर चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व इस मांग पर क्या रुख अपनाता है।







