🔴 *यमुना की अविरलता पर संकट, नदी की धारा से छेड़छाड़*
➡ *अढावल खंड-11 में नदी के बीच बना दिया गया रास्ता*
➡ *विभागीय चुप्पी से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद*
फतेहपुर:
जनपद में अवैध खनन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अढावल खंड संख्या 11 में खनन पट्टाधारकों और संचालकों द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों द्वारा वायरल किए गए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नदी की प्राकृतिक जलधारा से छेड़छाड़ कर बीच में ही कई सौ फीट लंबा रास्ता बना दिया गया है।
बताया जा रहा है कि फिलहाल ओटीपी सिस्टम बंद होने के कारण खनन सामग्री की लोडिंग नहीं हो रही है, लेकिन जिस तरह से पहले से तैयारी कर ली गई है, वह बड़े स्तर पर अवैध खनन की आशंका को बढ़ाता है। नदी की धारा को मोड़ना या उसमें हस्तक्षेप करना पर्यावरणीय नियमों और एनजीटी के निर्देशों का सीधा उल्लंघन है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय लेखपाल पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इसी खंड के संचालन के दौरान मध्य प्रदेश के एक पट्टाधारक के खिलाफ ललौली थाने में एक ही सीजन में दो मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, बावजूद इसके अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नदी की प्राकृतिक धारा को सुरक्षित रखने और अवैध खनन पर सख्त रोक लगाने की मांग की है, ताकि पर्यावरण और जल स्रोतों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।






