महोबा उत्तर प्रदेश _
महोबा में बीजेपी विधायक और मंत्री आमने-सामने, जल संकट को लेकर जमकर हंगामा।

यूपी के महोबा जिले में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के दौरे के दौरान उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब चरखारी से बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने पानी की समस्या और खराब सड़कों को लेकर कड़ा विरोध जताया। विधायक और उनके समर्थकों ने मंत्री के कार्यक्रम के दौरान नाराज़गी जाहिर की, जिससे मौके पर तीखी बहस और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।
बताया जा रहा है कि गांवों में पानी की आपूर्ति न होने और जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत न होने से विधायक लंबे समय से असंतुष्ट थे। शुक्रवार को मंत्री के महोबा पहुंचते ही विधायक का गुस्सा फूट पड़ा और उनके समर्थकों ने मंत्री के काफिले को रास्ते में ही रोक लिया।
रामश्री महाविद्यालय के पास स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब विधायक समर्थकों और पुलिस अधिकारियों के बीच झड़प हो गई। नारेबाजी और हंगामे के बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह स्वयं विधायक को लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां करीब 100 ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर समस्याओं पर चर्चा की गई।
विधायक ब्रजभूषण राजपूत का आरोप है कि ग्रामीण इलाकों में भीषण जल संकट है और सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे आम जनता परेशान है। इस घटनाक्रम के बाद जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।







