बुंदेलखंड के मन की बात अबकी बार बुंदेलखंड राज्य – प्रवीण पांडेय बुंदेलखंडी
– बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति ने ‘मन की बात’ को बनाया राज्य निर्माण आंदोलन का हिस्सा

– पीएम मोदी के मन की बात में टोल फ्री नंबर पर रिकॉर्ड कराई जा रही बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग
फतेहपुर।
बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति ने बुंदेलखंड राज्य निर्माण आंदोलन को नई दिशा देते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” को आंदोलन का सक्रिय हिस्सा बनाया है। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय के निर्देश पर बुंदेलखंड के सभी जिलों में नागरिकों से टोल फ्री नंबर पर कॉल कर राज्य निर्माण की मांग रिकॉर्ड कराने का आह्वान किया जा रहा है।
प्रवीण पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम में प्राप्त जन सुझावों का आधिकारिक रूप से डाटा संकलन किया जाता है। इसी प्रक्रिया के अंतर्गत बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा लोगों से टोल फ्री नंबर 1800-11-7800 पर कॉल कर बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग दर्ज कराने की अपील की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि कॉल करने पर एक बीप सुनाई देती है, जिसके तुरंत बाद 40 से 45 सेकंड के भीतर अपनी बात रिकॉर्ड करानी होती है। सीमित समय को देखते हुए नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी बात संक्षेप, स्पष्ट और मुद्दे पर केंद्रित रखें तथा बेहतर प्रस्तुति के लिए पहले से संदेश लिखकर तैयार रखें। एक व्यक्ति इस नंबर पर दो बार तक अपनी बात दर्ज करा सकता है।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण से क्षेत्र की जल समस्या, बेरोजगारी, पलायन, कृषि संकट और विकास में असमानता जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की, ताकि बुंदेलखंड की आवाज़ राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से दर्ज हो सके।







