जनपद फतेहपुर
सीएमएस ने ट्रामा सेंटर,ओटी सहित अस्पताल परिसर में छापेमारी कर परखी व्यववस्थाएँ

फतेहपुर। जनपद के जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह से सीएमएस डॉ राजेश कुमार के तेवर देख कर जिला अस्पताल परिसर में घूमने वाले दलाल व अराजकतत्वों में खलबली मची रही, वहीं अधिकतर चिकित्सकों द्वारा बाहर की कमीशन की दवाओं का लिखना भी बंद रहा। बता दें कि सीएमएस राजेश कुमार लगातार अस्पताल परिसर में घूम-घूम कर व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। जहाँ एक ओर अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाये रखने के लिए सीएमएस अधीनस्थों को निर्देशित कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर दलालों पर अंकुश लगाने के लिए प्रयासरत हैं। इसी क्रम में बाहर की दवाएं न लिखने के लिए चिकित्सको को निर्देश व नोटिस भी दे चुके हैं। बता दें गुरुवार को सीएमएस ने बिना किसी सूचना के अपने कार्यालय से निकल कर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ टीम ने ट्रामा सेंटर, ओपीडी, एक्स-रे रूम, ओटी और पैथोलॉजी लैब तक जांच की। निरीक्षण के दौरान परिसर में मौजूद मिले संदिग्ध व्यक्तियों से पूँछतांछ कर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इसके बाद भी सीएमएस पूरे दिन सीसीटीवी से अस्पताल की प्रत्येक हलचल पर नजर रखे रहे।
वहीं सीएमएस राजेश कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से शिकायतें मिल रही थी इस लिए आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जो भी संदिग्ध मिले उनसे पूँछतांछ करके उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। सरकार की मंशा के अनुरूप मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं इसके लिए जल्द ही एक स्ट्रेचर काउंटर बनाया जा रहा है जहां कर्मचारी मौजूद रहेंगे जो मरीज या तीमारदार का आधार कार्ड जमा कराकर उन्हें स्ट्रेचर व व्हीलचेयर उपलब्ध कराएगा व वापस जमा करा कर उन्हें आधार वापस करेगा। इसके साथ ही जो चिकित्सक बाहर की दवाएं लिख रहे हैं उन्हें ऐसा करने से नोटिस देकर सख्त मना किया गया है।







