होलिका दहन की आग में युवक की छलांग, संभल में सनसनी
————
धधकती लपटों में घुसा युवक, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खौफनाक वीडियो
—————
संभल जनपद के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के नंदरोली गांव में होलिका दहन के दौरान एक हैरान कर देने वाला घटनाक्रम सामने आया है। त्योहार की खुशियों के बीच उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक युवक अचानक जलती हुई होलिका की तेज लपटों में कूद गया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि होलिका दहन कार्यक्रम चल रहा है और ग्रामीण पूजा-अर्चना में व्यस्त हैं। इसी दौरान युवक अचानक आग की तरफ बढ़ता है और देखते ही देखते धधकती लपटों के बीच पहुंच जाता है। कुछ ही सेकंड में वहां अफरा-तफरी मच जाती है।
मौके पर मौजूद स्थानीय युवक ने अदम्य साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर आग में घुसे युवक को बाहर निकाला। हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें शुरू हो गई हैं।
फिलहाल युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
त्योहार के उल्लास के बीच हुई यह घटना न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करती है कि सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा और सतर्कता के क्या इंतजाम हैं।







