कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मूर्तियों के किए दर्शन

Share this post

लोकेशन रायबरेली

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने रायबरेली शहर में स्थापित विभिन्न विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पवित्र स्थलों का दर्शन किया।

रायबरेली प्रियंका गांधी ने सबसे पहले सिविल लाइंस स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। महान स्वतंत्रता सेनानी और कांग्रेस के दो बार अध्यक्ष रहे सुभाषचंद्र बोस अपनी धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी नीतियों के लिए विख्यात हैं। अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ उनकी आज़ाद हिंद फ़ौज की लड़ाई और क़ुर्बानी दी आज भी लाखों भारतीयों को प्रेरणा देती है।

प्रियंका ने गोल चौराहा स्थित झलकारी बाई की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। 1857 क्रांति की महान योद्धा झलकारी बाई, झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की नियमित महिला सेना ‘दुर्गा दल’ की सेनापति थीं। रानी झाँसी की हमशक्ल कही जाने वाली झलकारी बाई ने अंग्रेज़ों को रानी के वेश में लड़ते हुए रोका था जिससे रानी लक्ष्मीबाई झाँसी के क़िले से निकलने में सफल रहीं। झलकारी बाई अंग्रेज़ों से लड़ते हुए शहीद हो गयी थीं

इसके बाद प्रियंका ने नेहरू नगर स्थित अवध के महान योद्धा राणा बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शंकरपुर के राणा बेनीमाधव 1857 की क्रांति के नायक कहे जाते हैं। राणा बेनी माधव सत्तावनी क्रांति का संचालन कर रहीं अवध की बेग़म हज़रत महल के साथ मिलकर लगातार लड़ते रहे और कभी अंग्रेज़ों की गिरफ़्त में नहीं आये। अवध की लोकस्मृति में आज भी ‘अवध में राणा भयो मर्दाना’ जैसे गीत गूँज रहे हैं।

इसके बाद प्रियंका रायबरेली शहर की सिद्धपीठ कहे जाने वाले मनसा देवी मंदिर में दर्शन करने पहुँचीं। मनसा देवी मंदिर रायबरेली का सबसे प्राचीन और लोकमान्य स्वयंभू मंदिर है। पुराणों के अनुसार शिव और पार्वती की पुत्री मानी जाने वाले मनसा देवी ऋषि आस्तीक की माँ हैं जिन्होंने जनमेजय के यज्ञ से नागों की रक्षा की थी। क्षेत्र के लोग मुंडन-छेदन से लेकर तमाम मंगलिक कार्य मनसा देवी मंदिर के परिसर में सम्पन्न कराते हैं।

प्रियंका ने गुरुनानक नगर स्थिति गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा में भी मत्था टेका। यहाँ के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जगरूप सिंह ने लोकसभा चुनाव में राहुल गाँधी की सफलता के लिए अरदास की और सरोपा भेंट किया।

अंत में प्रियंका पूर्व विधायक और ज़िला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्व.कमलनयन वर्मा के बेटे चौधरी कमलाकर वर्मा के स्वास्थ्य का हाल-चाल लेने उनके गाँव रसूलपुर कुंडा पहुँचीं। कमलाकर वर्मा काफ़ी दिनों से अस्वस्थ हैं। प्रियंका ने उनसे मिलकर शीघ्र स्वस्थ होने के लिए उन्हें शुभकामना दी।

B9News24
Author: B9News24

Leave a Comment

ख़ास ख़बरें

ताजातरीन