किसानों की तिरंगा सदभावना ट्रेक्टर यात्रा को जगह-जगह प्रशासन ने रोका,
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में तिरंगा सद्भावना किसान ट्रैक्टर यात्रा का शुक्रवार को किसान यूनियन द्वारा आयोजन किया गया जिसे पुलिस व प्रशासन द्वारा यात्रा को जनपद मुख्यालय पहुंचने से पहले जगह-जगह रोक दिया गया। वही किसान यूनियन के नेताओं ने तिरंगा सद्भावना ट्रैक्टर यात्रा के सफल आयोजन का दावा किया है।
इस दौरान बड़ी संख्या में जनपद के किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर जिला मुख्यालय की ओर बड़े। स्थानीय पुलिस द्वारा जगह-जगह पर उपरोक्त ट्रैक्टरों को रोका गया और यात्रा को असफल करने का प्रयास किया गया। ब्लॉक नवाबगंज में जिलाध्यक्ष किसान यूनियन अरविंद शाक्य को सुबह ही उनके घर पर पुलिस द्वारा नजर बंद किया गया। इसके पश्चात भी कई ट्रैक्टर नवाबगंज में पुलिस द्वारा रोके गए। ढिलावल स्थित बघार चौराहे पर कानपुर मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा एवं जिला प्रवक्ता विधिक सलाहकार अजय कटियार के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में ट्रैक्टर को पुलिस द्वारा रोका गया। काफी गहमा गहमी के बावजूद भी पुलिस द्वारा ट्रैक्टरों को रवाना नहीं किया गया। इस अवसर पर प्रभाकांत मिश्रा एवं अजय कटियार की सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल व सीओ सिटी प्रदीप सिंह से जमकर नोक झोंक हुई। इस अवसर पर बोलते हुए प्रभाकांत मिश्रा ने कहा कि शासन एवं प्रशासन द्वारा तिरंगा किसान ट्रैक्टर यात्रा को बलपूर्वक रोका जा रहा है। हम किसानों के साथ घोर अन्याय किया जा रहा है। किसानों की आवाज को दबाने का कार्य किया जा रहा है। अजय कटियार ने कहा कि देश की अड़सठ फीसदी जनसंख्या गांव से आती है। यदि किसानों और मजदूरों को ही तिरंगा यात्रा निकालने से रोका जाएगा तो मैं समझता हूं। कि यह जो सरकार आजादी का महोत्सव मानना चाह रही है। यह सार्थक सिद्ध नहीं होगा। आगे उन्होने कहा कि देश का विकास तभी संभव है। जब देश का किसान खुशहाल होगा। देश के विकास का रास्ता किसान के घर से होकर जाता है। यह केंद्र और राज्य सरकार को मानना होगा। इस दौरान उपस्थित जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि किसानों का दमन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों की लड़ाई हमारा संगठन अंतिम सांस तक लड़ता रहेगा। हम झुकने वाले नहीं है। हम डरने वाले नहीं है। हम किसानों की आवाज को बुलंद करने वाले हैं। बघार पर 11 सूत्रीय ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को दिया गया।
वही नेकपुर चौरासी में स्थित जिला कार्यालय पर जनपद के लगभग एक सैकड़ा किसान ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे। और अपनी यात्रा कलेक्ट्रेट तक ले जाने के लिए कलेक्ट्रेट की और कूच करने लगे। नेकपुर चौरासी में पूजा बैटरी के पास पुलिस द्वारा बलपूर्वक ट्रैक्टरों को रोक लिया गया। शासन एवं प्रशासन के बड़े अधिकारियों द्वारा नेकपुर चौरासी में एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति एएसपी डॉ संजय सिंह के नेतृत्व में यात्रा को रोका गया। किसानों एवं प्रशासनिक अधिकारियों में नोकझोंक हो गयी । इसी प्रकार ब्लाक शमशाबाद, कायमगंज, कमालगंज एवं राजेपुर ब्लॉक के जमापुर चौराहे पर ट्रैक्टरों को पुलिस द्वारा रोका गया।
किसान यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कानपुर मंडल प्रभाकांत मिश्रा ने कहा कि काकोरी कांड के अमर शहीदों की याद में राष्ट्रीय नेतृत्व के आवाहन पर किसान तिरंगा ट्रैक्टर सद्भावना यात्रा निकल जा रही थी। जिसे प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोका गया है। प्रशासन द्वारा ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा रोका जाना, तिरंगे का अपमान है।
किसान ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा के दौरान कानपुर मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा, जिलाध्यक्ष फर्रुखाबाद अरविंद शाक्य, जिला प्रवक्ता एवं विधिक सलाहकार अजय कटियार जिला मीडिया प्रभारी अभय यादव, जिला सचिव कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष राजेपुर अनीस सिंह सोमवंशी, जिला उपाध्यक्ष अशोक यादव, मंडल मीडिया प्रभारी मितेश कुमार सिन्हा, नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, जिला सचिव पुजारी कटियार, ब्लॉक अध्यक्ष कमालगंज विजय कटियार, विक्रांत सिंह राणा, प्रदीप कुशवाहा, सुग्रीव पाल, राजेश कटियार, सुधीर कटियार, अभिषेक कटियार, संतोष बाथम, विपुल सिंह, राजू बाथम, राजू सोमवंशी सहित 500 किसान उपस्थित रहे |







