सम्भल _
पीएम आवास योजना: 2 लाख लाभार्थियों को ₹2000 करोड़,

संभल में 2186 लाभार्थियों के खाते में ₹21.86 करोड़ की पहली किस्त,
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 2 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे ₹2000 करोड़ की अनुदान राशि हस्तांतरित की। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शामिल हुए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण संभल के कलेक्ट्रेट सभागार में भी देखा गया।संभल के कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जनपद के 2186 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की प्रथम किस्त के रूप में प्रति लाभार्थी ₹1,00,000 की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की। इस प्रकार, जनपद में कुल ₹21 करोड़ 86 लाख की राशि का हस्तांतरण किया गया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए।इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति बिना आवास के न रहे। सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान के सपने को साकार कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कुल तीन किस्तों में धनराशि प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से राशि का सदुपयोग कर समय पर अपने आवास का निर्माण पूरा करने की अपील की और प्रथम किस्त प्राप्त करने पर सभी को बधाई दी।







