फतेहपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 16 लाख रुपये के 103 खोए मोबाइल बरामद

फतेहपुर, उत्तर प्रदेश।
जिले की पुलिस ने खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस टीम ने 103 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल धारकों ने फतेहपुर पुलिस की सराहनीय पहल के लिए आभार जताया।
बरामदगी के आंकड़ों के मुताबिक, गाजीपुर थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जबकि बिंदकी थाना क्षेत्र से 13 मोबाइल फोन मिले।पुलिस की इस कार्रवाई से कुल 103 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मोबाइल बरामदगी अभियान की जानकारी दी।







