लाखों की लागत से बन रही निर्माणाधीन सड़क में गुणवत्ताहीन सामग्री का प्रयोग ग्रामीणों में रोष

विजयीपुर, फतेहपुर। सरकारी धनराशि से कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता और मानकों के पालन को लेकर जिम्मेदार विभाग भले ही बड़े-बड़े दावे करता हो, लेकिन विजयीपुर विकासखंड क्षेत्र में सड़क निर्माण की जमीनी तस्वीर इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। यहां लाखों रुपये की लागत से बन रहा रेवाड़ी–सेमरिया मार्ग निर्माण पूरा होने से पहले ही बदहाली का शिकार होने लगा है। सड़क की हालत ऐसी है कि हाथ लगाते ही इसकी परत उखड़कर अलग हो रही है और निर्माण सामग्री टुकड़ों में बिखर रही है।
सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। सरकारी खजाने से लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद सड़क की मजबूती ऐसी है कि वह बनने के साथ ही टूटने लगी है। यदि निर्माण के शुरुआती दौर में ही सड़क की यह स्थिति है तो आने वाले समय में इसकी हालत और बदतर हो सकती है।
निर्माण कार्य की बदहाल तस्वीर सामने आने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता का लाइव वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में सड़क की परत हाथ से उखड़ती और निर्माण सामग्री टूटकर बिखरती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लाखों रुपये की लागत से बन रहे इस मार्ग पर निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता की जांच की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों की है। इसके बावजूद निर्माणाधीन सड़क की ऐसी स्थिति सामने आना विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले का संज्ञान लेकर तकनीकी टीम से स्थलीय जांच कराने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उक्त मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की देखरेख में कराया जा रहा है। अब ग्रामीणों की निगाहें विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं। निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होने के बाद ही सरकारी धनराशि से बन रही इस सड़क की वास्तविक गुणवत्ता सामने आ सकेगी।







