सड़क सुरक्षा अभियान में 45 वाहनों के चालान, 10 लाख से अधिक राजस्व वसूला,आज सुमेरपुर बस स्टैंड पर चलेगा विशेष अभियान।

हमीरपुर – सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार को सख्त रुख अपनाया। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के छठवें दिन परिवहन विभाग की टीम ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से मुख्यालय से सुमेरपुर फैक्ट्री एरिया तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 45 वाहनों के चालान किए गए। विभाग ने करीब 10 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूलने की कार्रवाई की।
एआरटीओ प्रवर्तन सुधीर कुमार यादव ने बताया कि अभियान में मोरंग लदे दो ओवरलोड ट्रकों, मॉडिफाइड साइलेंसर लगी दो बुलेट बाइकों, डेंजर ड्राइविंग और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले दो वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा हेलमेट न लगाने और ट्रिपल सवारी बैठाने पर आठ बाइकों तथा नो पार्किंग में सवारी बैठाने वाले चार ऑटो के चालान किए गए इसके साथ ही अन्य वाहनों पर विभिन्न अनियमितताओं में भी कार्रवाई की गई।उन्होंने बताया कि सुमेरपुर बस स्टैंड पर पार्किंग की व्यवस्था न होने के बावजूद ऑटो चालक नेशनल हाईवे 34 पर वाहन खड़े कर सवारियां बैठाते हैं, जिससे जाम और हादसों का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए रविवार को विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को हटवाया जाएगा।उन्होंने वाहन चालकों से तेज रफ्तार और मोबाइल का इस्तेमाल करने से बचने, हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। सर्दी में कोहरे के दौरान फॉग लाइट का प्रयोग करने, गति नियंत्रित रखने और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।







