गाजीपुर–विजयीपुर सड़क निर्माण पूरा होने पर सरकी में अखंड रामायण पाठ

Share this post

गाजीपुर–विजयीपुर सड़क निर्माण पूरा होने पर सरकी में अखंड रामायण पाठ

 

प्रभु श्रीराम के चरणों में 24 घंटे तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान

 

प्रवीण पाण्डेय के नेतृत्व में चला था संघर्ष, अनशन और सत्याग्रह

 

फतेहपुर। गाजीपुर–विजयीपुर सड़क निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर क्षेत्रवासियों की ओर से प्रभु श्रीराम के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए रविवार को गाजीपुर चौराहा स्थित श्री हनुमान मंदिर में 24 घंटे के अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ। सड़क संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विकास की कामना की।

 

लंबे संघर्ष के बाद पूरी हुई जनमानस की मांग

 

गाजीपुर–विजयीपुर सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय तक सड़क सत्याग्रह, धरना-प्रदर्शन, अनशन और जनसहयोग के माध्यम से संघर्ष किया गया। बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय के नेतृत्व में चले इस संघर्ष में क्षेत्रवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आखिरकार सड़क निर्माण कार्य पूरा होने पर संघर्ष से जुड़े लोगों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में सड़क संघर्ष समिति ने प्रभु श्रीराम के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया है।

 

बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने प्रभु श्रीराम के चरणों में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जनता के लंबे संघर्ष, धैर्य और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। जनहित के लिए किए गए संघर्ष की सफलता पर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

 

सोमवार सुबह होगी पूर्णाहुति

 

रविवार सुबह नौ बजे प्रारंभ हुआ 24 घंटे का अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ सोमवार सुबह नौ बजे पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।

 

इस अवसर पर संयोजक आशीष तिवारी, श्रवण तिवारी, प्रेम शंकर मिश्रा, राम प्रसाद विश्वकर्मा, बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, सड़क संघर्ष समिति के संयोजक धर्मेंद्र दीक्षित एवं समिति के प्रवक्ता देव त्रिपाठी ने क्षेत्रवासियों से धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

B9News24
Author: B9News24

Leave a Comment

ख़ास ख़बरें

ताजातरीन