श्री रामकथा महोत्सव अयाह का भव्य शुभारंभ, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ भूमिपूजन
3 दिसंबर से 11 दिसंबर तक श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरि जी महाराज के श्रीमुख से होगी नौ दिवसीय श्रीराम कथा
अयाह (फतेहपुर)। धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति की पावन धारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे भव्य श्री रामकथा महोत्सव अयाह की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। आगामी 3 दिसंबर से 11 दिसंबर तक नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया गया है। कथा का रसपान श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरि जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
इसी क्रम में शनिवार, 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे कथा स्थल पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर श्री ठाकुर जी सेवा परिवार के सदस्य हरिओम मिश्र (ओम जी) ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य यजमान नवीन गुप्ता (बुलंदशहर) एवं अशोक मिश्र (अनिल) जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमिपूजन संपन्न कराया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक जगत से जुड़े गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। सभी ने इस धार्मिक आयोजन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण एवं आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने वाला बताया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कमलेश मिश्र प्रधान, बमलहरी द्विवेदी,प्रदीप गर्ग, अशोक तपस्वी, संजय पांडे, आशीष त्रिपाठी, शिवम अग्निहोत्री, सिद्धनाथ तिवारी, अनिल त्रिपाठी, अंकित दीक्षित, वैभव द्विवेदी, राजेश मिश्र, नवनीत मिश्रा, दिलीप द्विवेदी,अनिल शुक्ला सहित तमाम गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी, व्यापारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त करें तथा इस आध्यात्मिक आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने में सहभागी बनें।
जय श्रीराम!





