फतेहपुर उत्तर प्रदेश
बुंदेलखंड की बहनों ने प्रधानमंत्री को भेजी राखी, मांगा पृथक राज्य का दर्जा

राखी भेजो, राज्य माँगो’ अभियान का आज द्वादश दिवस
खागा।
बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर चलाए जा रहे ‘राखी भेजो, राज्य माँगो’ अभियान का आज बुधवार को द्वादश (12वां) दिवस मनाया गया। इस अवसर पर निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, फतेहपुर में छात्राओं और शिक्षिकाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित पत्रों के साथ राखियाँ भेजीं और रक्षाबंधन पर पृथक बुंदेलखंड राज्य का उपहार मांगा।
कार्यक्रम संयोजक ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक परंपरा के निर्वहन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बुंदेलखंड की बहनों की पीड़ा और अधिकारों की पुकार है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने बेहद भावुकता के साथ प्रधानमंत्री से यह आग्रह किया है कि वे इस रक्षाबंधन पर बुंदेलखंड की बहनों को अलग राज्य के रूप में उपहार दें।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों और विद्यालय के शिक्षकों ने छात्राओं को इस अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया। छात्राओं ने भावपूर्ण शब्दों में प्रधानमंत्री से अपील की कि उन्हें केवल रक्षा सूत्र का उत्तर नहीं, बल्कि दशकों से उपेक्षित बुंदेलखंड को न्याय मिलना चाहिए। बुंदेलखंड की बेटियाँ अब चुप नहीं बैठेंगी। वे अपने अधिकार के लिए आगे आ रही हैं। ये राखियाँ इस बात की प्रतीक हैं कि बहनें अपने प्रधानमंत्री भाई से अब सम्मानजनक जीवन और समृद्ध प्रदेश की माँग कर रही हैं।
बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय बुंदेलखंडी ने बताया यह केवल राखी भेजने का कार्यक्रम नहीं, यह राष्ट्र निर्माण की आवाज है। जब तक बुंदेलखंड पृथक राज्य नहीं बनेगा, तब तक यहां की जनता को उनके अधिकार नहीं मिलेंगे। उन्होंने बताया कि पूरे बुंदेलखंड के जिलों में यह अभियान लगातार चल रहा है और रक्षाबंधन तक एक लाख राखियाँ प्रधानमंत्री को भेजी जाएंगी।







