फतेहपुर उत्तर प्रदेश _
पीएम नरेंद्र मोदी सुनिए बुंदेलखंड के मन की बात, बनाइए बुंदेलखंड राज्य : प्रवीण पांडेय
– बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने ‘मन की बात’ को बनाया बुंदेलखंड राज्य आंदोलन का हिस्सा
– टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराई जा रही राज्य निर्माण की मांग
फतेहपुर। बुंदेलखंड राज्य निर्माण आंदोलन को नई ऊर्जा देने के लिए बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को जनआंदोलन का हिस्सा बनाया है। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने बुंदेलखंड के नागरिकों से आह्वान किया है कि वे प्रधानमंत्री तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए टोल फ्री नंबर पर कॉल कर पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग दर्ज कराएं।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के आम नागरिकों को सीधे अपनी बात रखने का अवसर दिया है। बुंदेलखंड के लोगों को भी इस लोकतांत्रिक मंच का उपयोग करते हुए अपनी पीड़ा, अपेक्षाएं और पृथक राज्य की मांग प्रधानमंत्री तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की जनता वर्षों से जल संकट, बेरोजगारी, पलायन, कृषि संकट और विकास की उपेक्षा जैसी समस्याओं का सामना कर रही है। अब समय आ गया है कि इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों और विचारों का आधिकारिक रूप से संकलन किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा लोगों से टोल फ्री नंबर 1800-11-7800 पर कॉल कर बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग रिकॉर्ड कराने का अभियान चलाया जा रहा है।
प्रवीण पांडेय ने बताया कि कॉल करने पर बीप की आवाज सुनाई देती है, जिसके बाद 40 से 45 सेकेंड के भीतर अपनी बात रिकॉर्ड करनी होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पहले से अपना संदेश तैयार कर लें और संक्षिप्त, स्पष्ट तथा प्रभावी ढंग से अपनी बात रखें। एक व्यक्ति दो बार तक अपनी बात रिकॉर्ड करा सकता है।
उन्होंने कहा कि पृथक बुंदेलखंड राज्य बनने से क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बन सकेंगी, संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा तथा रोजगार, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विकास संभव होगा। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं, छात्रों, व्यापारियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि अब हर बुंदेलखंडवासी प्रधानमंत्री से एक ही आग्रह करे— “पीएम नरेंद्र मोदी सुनिए बुंदेलखंड के मन की बात, अबकी बार बुंदेलखंड राज्य।”







