जनपद फतेहपुर उत्तर प्रदेश _
डीएम कार्यालय के सामने युवक ने डीजल डालकर आत्महत्या का किया प्रयास


तीन साल से जमीन के विवाद में न्याय न मिलने से था आहत, सुरक्षा कर्मियों ने माचिस छीनकर बचाई जान
फतेहपुर। जनपद के सदर तहसील स्थित कलेक्ट्रेट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने डीएम कार्यालय के सामने अपने ऊपर डीजल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक का आरोप था कि वह करीब तीन वर्षों से जमीन संबंधी मामले में न्याय के लिए अधिकारियों और थाना पुलिस के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। युवक के डीजल डालने के बाद जैसे ही उसने माचिस जलाने का प्रयास किया, डीएम कार्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और माचिस छीन ली। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवक को समझाकर शांत कराया। बताया गया कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर युवक लंबे समय से अधिकारियों के यहां शिकायतें कर रहा था। सुनवाई न होने से क्षुब्ध होकर उसने कलेक्ट्रेट पहुंचकर यह कदम उठाने का प्रयास किया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






