बस्ती यूपी।
वशिष्ठ की धरती पर गरजे सीएम योगी,
बस्ती की धरती से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा राजनीतिक हमला बोला।

धार्मिक आस्था, राम मंदिर, 84 कोसी परिक्रमा, वक्फ बोर्ड, कानून-व्यवस्था, बिजली, किसानों और विकास जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष को जमकर घेरा।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने जहां आस्था और विकास को नई पहचान दी है, वहीं पिछली सरकारों में दंगे, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति होती थी।
बस्ती के मखौड़ा धाम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण की शुरुआत 84 कोसी परिक्रमा के महत्व से की।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम से जुड़ी 84 कोसी परिक्रमा मखौड़ा धाम से प्रारंभ होती है और उनकी सरकार ने इस परिक्रमा को भव्य स्वरूप देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान इस धार्मिक परंपरा को रोकने का प्रयास किया जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 1500 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पहले सरकारी धन कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनाने में खर्च होता था, जबकि अब वही पैसा मंदिरों और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर लगाया जा रहा है।
योगी ने वक्फ बोर्ड का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पहले वक्फ के नाम पर गरीबों की जमीनों पर कब्जा किया जाता था और लोगों को उजाड़ा जाता था।
बता दें _मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले विकास के नाम पर डकैती होती थी और सरकारी धन की लूट मची रहती थी। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है और अपराधियों में कानून का डर है। योगी ने कहा कि अब कोई दंगा करने की हिम्मत नहीं करता और यदि कोई ऐसा करेगा तो उसे कानून का सख्त सामना करना पड़ेगा।मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश के बड़े हिस्से बिजली से वंचित रहते थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस समय लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे क्योंकि बिजली आती ही नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता गर्मी में परेशान रहती थी, जबकि सैफई में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे।
राम मंदिर और अयोध्या का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर निर्माण में सबसे बड़ी बाधा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले अयोध्या का माहौल ऐसा बना दिया गया था कि लोग खुलकर ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने से भी डरते थे। उन्होंने यह भी कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को आज भी माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार कांवड़ियों का सम्मान करती है और यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांवड़ यात्रा पर रोक लगाने की कोशिश की जाती थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष भी कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, किसानों को किसान सम्मान निधि और सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कंपोजिट विद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
Users Today : 8
Users This Month : 111
Total Users : 20087
Views Today : 8
Views This Month : 139
Total views : 29984