*मल्लावां हरदोई*
*प्यार में पागल युवक ने फावड़े से किया युवती की जीवन लीला समाप्त*

हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर में सोमवार शाम एक युवक ने फावड़े से हमला कर 26 साल की युवती की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक युवती की पहचान ग्राम गढ़ी रसूलपुर निवासी रामरहीस कुशवाहा की पुत्री शिल्पी के रूप में हुई है। शिल्पी अपनी मां के साथ घरेलू कामों में हाथ बंटाती थीं। रामरहीस ने करीब 7 साल पहले शिल्पी की शादी मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के नया गांव निवासी गोविंद से की थी।
शादी के लगभग दो साल बाद शिल्पी का अपने पति और ससुराल वालों से मनमुटाव हो गया था। इसके बाद ससुराल और मायके वालों के बीच पंचायत हुई। फिर शिल्पी अपने मायके लौट आई और तब से वहीं रह रही थी। इस संबंध में पति पत्नी का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
रामरहीस का आरोप है कि गांव का ही एक युवक शिल्पी को ब्लैकमेल कर रहा था। यह युवक शादी से पहले और शादी के बाद भी शिल्पी को लगातार सालों से परेशान कर रहा था। इसी वजह से रामरहीस ने दो साल पहले अपना पुराना मकान छोड़कर गांव की उत्तर दिशा में स्थित दूसरे मकान में रहना शुरू कर दिया था।
सोमवार शाम शिल्पी कूड़ा डालने के लिए मकान से बाहर निकली थीं। आरोप है कि इसी युवक ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया। शिल्पी ने झोपड़ी की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उसकी गर्दन पर फावड़ा मार दिया। गंभीर चोट लगने से शिल्पी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर परिजनों और गांव वालों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह और कोतवाल शिवाकांत पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







