जनपद बांदा _
केन नदी में नहाते समय पैर फिसलने से युवक की डूबकर मौत, घर में मातम

पैलानी थाना क्षेत्र के खपटिहा कला गांव के पास बह रही केन नदी में नहाते समय पैर फिसलने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज (35 वर्ष) पुत्र रामचंद्र निषाद, निवासी बरेहटा फकीरा डेरा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार मनोज करीब 10 माह पहले कर्नाटक के हुबली में मजदूरी करने गया था और अब घर लौट रहा था। गांव पहुंचने से पहले वह खपटिहा कला के पास नदी पार कर नहाने लगा। इस दौरान उसने अपने भाई दिनेश को फोन कर बाइक से लेने की बात कही। भाई नाव से सामान उतार रहा था, तभी नहाते समय मनोज गहरे गड्ढे में चला गया और डूब गया।
मौके पर मौजूद शंकर निषाद, भूरा निषाद सहित अन्य लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मनोज छह भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी सुरेखा और तीन बच्चे—निशा (11), हसमुख (8), रवि (6) हैं। घर में मनोज के लौटने की खुशी में मिठाइयां बन चुकी थीं, लेकिन मौत की खबर मिलते ही मां रामश्री, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामचंद्र निषाद व बरेहटा प्रधान प्रमोद निषाद की मौजूदगी में दरोगा लल्लन यादव ने टीम के साथ पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी अंकित वर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकारी नियमानुसार समुचित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।







