*अपराधियों पर कसेगा शिकंजा,
गैंगस्टर से लेकर साइबर अपराध तक पर सख्त कार्रवाई के निर्देश,एसपी सत्यनारायण ने की व्यापक अपराध समीक्षा बैठक*

*कौशाम्बी। जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में अपराध समीक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण संबंधी बैठक की। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में सक्रिय अपराधियों, माफियाओं एवं संगठित अपराध से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे अपराधियों की संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों एवं आदतन अपराधियों की लगातार निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चोरी, लूट, नकबजनी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी, वाहन चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। एसपी ने गोवंशीय पशु तस्करी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को कहा।बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को चेताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनपद में शांति, सुरक्षा और आमजन के विश्वास को बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।*







