होमगार्ड आरक्षी की आठ वर्षीय बच्ची की हत्या से मची सनसनी जांच में जुटी पुलिस
बिनौली गांव से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई होमगार्ड आरक्षी की आठ वर्षीय बालिका का शव बुधवार को एक तंग गली में बंद मकान के चबूतरे पर पड़ा मिला। जांच में उसकी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या करने का तथ्य सामने आया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने घटना की जानकारी लेकर निर्देश दिए।
बिनौली गांव निवासी अख्तर आली पुत्र रशीद अहमद होमगार्ड में आरक्षी है। उसकी आठ वर्षीय पुत्री सिदरा अपने बड़े भाई सानिब के साथ घर से बड़ी मस्जिद में मौलाना नईम पास पढ़ने गई थी। वहां कुछ देर बाद वह अपने भाई को सिर में दर्द होना बताकर घर जाने को कहकर चली आई। जब भाई सानिब घर पहुंचा, तो मां
मोहसीना ने पूछा तो पता चला सिदरा वापस नही आई। जिसके बाद स्वजन ने तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद भी बालिका नही मिली तो पिता अख्तर ने रात में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने रात भर सीसीटीवी कैमरे खंगाले। दोपहर को गली में गए बच्चों ने हुकम चंद जैन पुत्र पदम चंद जैन के घर के बंद दरवाजे के चबूतरे पर बालिका का शव पड़ा देखा। जिसके बाद मेडिकल स्टोर संचालक सत्यप्रकाश गोयल ने पुलिस को जानकारी दी। एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि चार बार से बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है मामले की जांच की जा रही है जल्दी घटना का खुलासा किया जाएगा।







